रायपुर, 17 फरवरी।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के साथ-साथ राज्य बोर्ड (सीजीबीएसई) परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं दीं और आत्मविश्वास बढ़ाने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर छात्रों को लिखा कि परीक्षाओं का समय जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। इसमें उत्साह के साथ थोड़ा तनाव स्वाभाविक है, लेकिन घबराने की आवश्यकता नहीं है।
साथ ही उन्होंने कहा कि डर कमजोरी नहीं बल्कि जिम्मेदारी का संकेत है। इसे आत्मविश्वास पर हावी न होने दें। पूरे वर्ष का प्रयास, अभ्यास और दोहराव आपकी ताकत हैं।
उन्होंने छात्रों को नियमित पढ़ाई, कठिन विषयों का दोहराव, समय का संतुलन, पर्याप्त नींद और पौष्टिक भोजन लेने की सलाह दी। मोबाइल से दूरी बनाकर ध्यान केंद्रित करने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि छत्तीसगढ़ के सभी विद्यार्थी इस बार भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे और अपने परिवार व प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।



