रायपुर, 26 फ़रवरी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से गुरुवार को नया रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने कपिल देव का अभिनंदन करते हुए उन्हें बेल मेटल से बनी प्रतिकृति और पुण्यभूमि छत्तीसगढ़ कॉफी टेबल बुक भेंट की।
मुलाकात के दौरान दोनों के बीच प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने, आधुनिक खेल अधोसंरचना के विकास, अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने तथा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के विकास जैसे विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार द्वारा खेलों को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने के प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए अधोसंरचना, प्रशिक्षण और अवसरों का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है।
पूर्व कप्तान कपिल देव ने छत्तीसगढ़ में हो रहे सकारात्मक परिवर्तनों की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षा, विश्वास और विकास के इस माहौल में प्रदेश की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट मंच मिलेगा और छत्तीसगढ़ सुरक्षित, समृद्ध और विकसित राज्य के रूप में आगे बढ़ेगा।



