भोपाल, 16 मार्च।
सोमवार को राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के सभी नागरिकों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक किसी भी समृद्ध राष्ट्र की सबसे मजबूत नींव होते हैं और इसमें टीकाकरण की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सामाजिक माध्यम एक्स पर संदेश साझा करते हुए लिखा कि राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस की सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज और सुरक्षित भविष्य के निर्माण में टीकाकरण की अहम भूमिका है। माताओं और शिशुओं का समय पर टीकाकरण सुनिश्चित कर हम देश के आने वाले भविष्य को सुरक्षित और मजबूत बना सकते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि टीकाकरण अभियान में कार्यरत सभी स्वास्थ्यकर्मियों, सहयोगी टीमों और संस्थाओं का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर उन्होंने टीकाकरण कार्यक्रम से जुड़े सभी लोगों को शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
उल्लेखनीय है कि भारत में प्रत्येक वर्ष 16 मार्च को राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस मनाया जाता है। इस दिन का उद्देश्य संक्रामक बीमारियों की रोकथाम और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए टीकाकरण के महत्व के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है। भारत में इस दिवस को मनाने की शुरुआत वर्ष 1995 में ओरल पोलियो वैक्सीन की पहली खुराक के साथ की गई थी।



