भोपाल, 28 फरवरी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज प्रातः 11:30 बजे राष्ट्रव्यापी एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ करेंगे। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से शामिल होकर प्रदेश स्तरीय अभियान की शुरुआत करेंगे।
जनसम्पर्क अधिकारी अंकुश मिश्रा ने बताया कि महिलाओं का स्वास्थ्य परिवार और समाज की उन्नति का आधार है। सर्वाइकल कैंसर देश में महिलाओं में पाया जाने वाला दूसरा सबसे घातक कैंसर है। इस बीमारी की रोकथाम के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान प्रारंभ करने का निर्णय लिया है। प्रधानमंत्री राजस्थान के अजमेर जिले से इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे।
अभियान तीन माह तक देशभर में संचालित किया जाएगा। सभी राज्य और केंद्र शासित प्रदेश वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे। मध्य प्रदेश में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल भोपाल स्थित डॉ. कैलाशनाथ काटजू अस्पताल में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे।
अभियान के अंतर्गत 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी और 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाएं टीकाकरण के लिए पात्र होंगी। साथ ही, अभियान प्रारंभ होने के 90 दिनों के भीतर 15 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाली बालिकाएं भी पात्र मानी जाएंगी। टीकाकरण पूर्णतः स्वैच्छिक रहेगा तथा अभिभावक की सहमति आवश्यक होगी। निर्धारित प्रावधान के अनुसार 0.5 मिलीलीटर की एकल खुराक मांसपेशी में इंजेक्शन के माध्यम से दी जाएगी।
एचपीवी टीकाकरण केवल शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों—आयुष्मान आरोग्य मंदिर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उप स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल और शासकीय मेडिकल कॉलेजों में किया जाएगा, जहां चिकित्सा अधिकारी उपलब्ध हों। टीका लगने के बाद बालिकाओं को 30 मिनट तक निगरानी में रखा जाएगा। अभियान अवधि में प्रतिदिन टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी।



