पानीपत,25 फरवरी।
पानीपत रिफाइनरी में श्रमिकों और पुलिस के बीच दूसरे दिन भी तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। बुधवार सुबह श्रमिकों ने काम पर जाने से इनकार कर दिया और अपनी मांगों को लिखित रूप में सुनिश्चित करने की मांग की। श्रमिकों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन भीड़ उग्र हो गई और पुलिस पर पथराव कर दिया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें एक श्रमिक का हाथ टूट गया। तनाव को देखते हुए क्षेत्र में व्रज वाहन तैनात किए गए हैं। श्रमिकों का कहना है कि उनकी 8 घंटे की ड्यूटी समेत अन्य मांगें पहले ही मान ली गई थीं, लेकिन वे चाहते हैं कि इसे लिखित रूप में बोर्ड पर प्रदर्शित किया जाए और नियमों का पालन न करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई हो।
इससे पहले मंगलवार को भी श्रमिकों ने पथराव और वाहनों में तोड़फोड़ की थी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की थी और कई श्रमिकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।



