कोलकाता, 16 फ़रवरी ।
पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राज्य सरकार और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तीखी आलोचना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को सरकारी योजनाओं के नाम पर बार-बार लाइन में खड़ा कर परेशान कर रही है, जबकि फॉर्म भरने का काम आज ऑनलाइन आसानी से किया जा सकता है।
शुभेंदु ने बताया कि अकेले एक व्यक्ति ही नहीं, बल्कि लगभग 17 लाख युवक-युवतियां पहले भी फॉर्म भरते समय ठगे गए। उन्होंने आरोप लगाया कि बीते दो महीनों में बीएलओ के माध्यम से जानबूझकर त्रुटियां कर लोगों को एसआईआर में खड़ा किया गया और अब बेरोज़गार युवाओं की बारी है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बेरोज़गारी भत्ते के लिए आवेदन करने गए युवाओं को पुलिस की लाठियां झेलनी पड़ रही हैं। उन्होंने उत्तर दिनाजपुर के चोपड़ा और मालदह के चांचल का उदाहरण दिया। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार योजनाओं के नाम बदलकर पेश करती है, जैसे “युवश्री” और “युवसाथी”, लेकिन उद्योग और रोजगार के अवसरों की कमी के कारण युवाओं का भविष्य अंधकारमय है।
अंत में शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में युवाओं का सम्मान करती, तो उन्हें जबरन लाइन में खड़ा करने की बजाय घर बैठे फॉर्म भरने की सुविधा देती और न तो पुलिस की जरूरत पड़ती और न ही लाठीचार्ज जैसी घटनाएं होतीं।



