पटना, 10 मार्च।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा का तीसरा चरण मंगलवार से शुरू हो रहा है। इस चरण के तहत मुख्यमंत्री आज सुपौल और मधेपुरा जिलों का दौरा करेंगे, जहां वे नागरिकों से सीधे संवाद करेंगे और विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुपौल जिले में 435 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 84 योजनाओं का शिलान्यास करेंगे, जबकि 135 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई 129 योजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे। इसके साथ ही जिले में चल रही विकास और कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा भी की जाएगी।
इसी तरह मधेपुरा जिले में मुख्यमंत्री 86 करोड़ रुपये की लागत से 137 योजनाओं का शिलान्यास तथा 216 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई 158 योजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा यहां भी विकासात्मक और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के साथ जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुनेंगे। साथ ही अधिकारियों के साथ बैठक कर जिलों में चल रही योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का आकलन करेंगे और आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे।
समृद्धि यात्रा के तीसरे चरण में मुख्यमंत्री सुपौल और मधेपुरा के अलावा अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, खगड़िया, बेगूसराय और शेखपुरा जिलों में भी जनसंवाद कार्यक्रम और समीक्षा बैठकें करेंगे।
इस यात्रा का उद्देश्य राज्य में चल रही विकास योजनाओं को नई गति देना और यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे तथा जमीनी स्तर पर विकास कार्यों की स्थिति का सही आकलन किया जा सके।


