पटना, 13 मार्च।
राज्य में एलपीजी से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने नियंत्रण कक्ष की स्थापना की है। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति, वितरण या अन्य संबंधित दिक्कतों के त्वरित समाधान की सुविधा उपलब्ध कराना है।
विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार यह नियंत्रण कक्ष प्रतिदिन सुबह 7:00 बजे से रात 9:00 बजे तक सक्रिय रहेगा। इस दौरान राज्य के उपभोक्ता एलपीजी की उपलब्धता, आपूर्ति या अन्य शिकायतों के संबंध में सीधे नियंत्रण कक्ष से संपर्क कर सकेंगे।
उपभोक्ता अपनी समस्या या शिकायत दूरभाष संख्या 0612-2233050 पर दर्ज करा सकते हैं। विभाग का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद संबंधित मामलों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने लोगों से अपील की है कि एलपीजी से जुड़ी किसी भी समस्या की स्थिति में अफवाहों या भ्रम में पड़ने के बजाय विभाग द्वारा स्थापित नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें, ताकि शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके।


