नई दिल्ली, 20 फरवरी।
भारत की अंडर-17 पुरुष फुटबॉल टीम मार्च 2026 में म्यांमार के यांगून में दो अंतरराष्ट्रीय मैत्री मुकाबले खेलेगी। ये मैच 3 और 5 मार्च को आयोजित होंगे और टीम की AFC U-17 Asian Cup Saudi Arabia 2026 की तैयारियों का अहम हिस्सा हैं।
‘ब्लू कोल्ट्स’ के नाम से जानी जाने वाली भारतीय टीम इस साल अब तक चार अंतरराष्ट्रीय अभ्यास मैच खेल चुकी है। टीम ने गोवा में ताजिकिस्तान के खिलाफ दो मुकाबले खेले, जबकि तुर्किये के अंताल्या में भी दो मैत्री मैच खेले। तुर्किये दौरे से लौटने के बाद मुख्य कोच बिबियानो फर्नांडिस की अगुवाई में टीम गोवा में अभ्यास कर रही है। भारतीय दल 28 फरवरी को यांगून के लिए रवाना होगा।
मेजबान म्यांमार ने भी एएफसी अंडर-17 एशियाई कप सऊदी अरब 2026 के लिए क्वालीफाई किया है। उसने क्वालीफायर के ग्रुप-सी में शीर्ष स्थान हासिल किया था। इस ग्रुप में ओमान, सीरिया, अफगानिस्तान और नेपाल जैसी टीमें शामिल थीं।
टूर्नामेंट में भारत को ग्रुप-डी में रखा गया है। भारतीय टीम 6 मई को ऑस्ट्रेलिया, 10 मई को उज्बेकिस्तान और 13 मई को डीपीआर कोरिया के खिलाफ अपने मुकाबले खेलेगी।
इन मैत्री मैचों से टीम को अपनी रणनीति परखने और संयोजन मजबूत करने का अच्छा अवसर मिलेगा, जिससे एशियाई कप में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद बढ़ेगी।



