लंदन, 23 फरवरी 2026।
लंदन के रॉयल अल्बर्ट हॉल में आयोजित 79वें ब्रिटिश अकादमी फिल्म पुरस्कार (बाफ्टा) समारोह में दिवंगत सिनेमा हस्तियों को श्रद्धांजलि देने के दौरान भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को भी विशेष रूप से याद किया गया, जिससे समारोह में भावुक माहौल बन गया। समारोह में दुनिया को अलविदा कह चुके फिल्म जगत के महान कलाकारों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस भावुक श्रद्धांजलि सेगमेंट में मंच पर प्रसिद्ध गायिका जेसी वेयर ने बारबरा स्ट्रीसैंड के मशहूर गीत ‘द वे वी वेयर’ को अपनी आवाज देकर दिवंगत सितारों को संगीतमय सम्मान दिया। इसके बाद एक विशेष वीडियो प्रस्तुत किया गया, जिसमें वर्ष 2025 में निधन हो चुके कई अंतरराष्ट्रीय कलाकारों की तस्वीरें और नाम दिखाए गए। इस वीडियो में जीन हैकमैन, रॉबर्ट डुवैल और वैल किल्मर जैसे कलाकारों के साथ धर्मेंद्र को भी विशेष रूप से याद किया गया। वैश्विक मंच पर भारतीय सिनेमा के इस महान कलाकार को मिली श्रद्धांजलि ने उनके प्रशंसकों को भावुक कर दिया।
सोशल मीडिया पर इस क्षण का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। प्रशंसक अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए लिख रहे हैं कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर धर्मेंद्र को दिया गया सम्मान गर्व की बात है। एक यूजर ने लिखा कि बाफ्टा में धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि देना बेहद भावुक पल था, जबकि दूसरे यूजर ने कहा कि उन्हें इस तरह याद किया जाना दिल को छू लेने वाला है।
गौरतलब है कि धर्मेंद्र का निधन 24 नवंबर 2025 को 89 वर्ष की आयु में हुआ था। भारतीय सिनेमा में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा और उन्हें मरणोपरांत देश के उच्च सम्मान से भी सम्मानित किया गया है।



