भिंड, 21 फरवरी 2026
मध्य प्रदेश के भिंड जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-719 पर गोहद थाना क्षेत्र के छींमका गांव के पास तेज रफ्तार बस और ईको वैन की आमने-सामने टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा शनिवार तड़के करीब 4 बजे हुआ जब बारात छोड़कर ग्वालियर लौट रही बस की सामने से आ रही वैन से जोरदार भिड़ंत हो गई।
पुलिस के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। दुर्घटना की सूचना मिलने पर गोहद चौराहा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू किया। हादसे में वैन सवार चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। उपचार के लिए ले जाए जाने के दौरान एक घायल ने रास्ते में दम तोड़ दिया।
घायलों को गोहद अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ग्वालियर स्थित जयारोग्य अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतकों की पहचान प्रदीप प्रजापति, उनके भांजे अतुल शिवहरे, जगदीश भदौरिया, आनंद भदौरिया और वैन चालक भरत तिवारी के रूप में की है।
घायलों में केतु, संतोष, मेवाराम, रमलाक्खन, मीरा और सुखवीर शामिल हैं, जिनका उपचार जारी है। पुलिस का कहना है कि अंधे मोड़ और तेज गति हादसे की वजह हो सकते हैं। एसपी असित यादव ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।




