नई दिल्ली, 25 फरवरी।
भारतीय शटलर आकर्षी कश्यप ने मंगलवार को जर्मन ओपन सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए मुख्य ड्रॉ में प्रवेश कर लिया। विश्व रैंकिंग में 62वें स्थान पर मौजूद आकर्षी ने क्वालीफायर मुकाबले में चीनी ताइपे की ली यू-ह्सुआन को 21-10, 21-15 से सीधे गेमों में हराया।
मुकाबले के दौरान आकर्षी ने शुरू से ही नियंत्रण बनाए रखा। पहला गेम उन्होंने आसानी से जीता। दूसरे गेम में ली यू-ह्सुआन ने वापसी की कोशिश की और स्कोर 12-14 तक पहुंचाया, लेकिन आकर्षी ने आक्रामक खेल जारी रखते हुए जीत दर्ज की। अब मुख्य ड्रॉ में उनका मुकाबला चीनी ताइपे की ही हुआंग यू-ह्सुन से होगा।
इस 2,50,000 अमेरिकी डॉलर इनामी राशि वाले टूर्नामेंट में भारत के किदांबी श्रीकांत और विश्व जूनियर चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता तन्वी शर्मा भी भाग ले रहे हैं।



