गौरेला पेंड्रा मरवाही, 11 मार्च।
ग्रीष्म ऋतु में बढ़ते तापमान और लू के खतरे को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें गर्मी में सावधानी बरतने और जीवनशैली में आवश्यक बदलाव करने की सलाह दी गई है।
सीएमएचओ डॉ. रामेश्वर शर्मा ने बताया कि लू के लक्षणों में सिर में भारीपन, तेज बुखार, चक्कर, उल्टी, शरीर में दर्द, पसीना न आना और कमजोरी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि घर से बाहर केवल अनिवार्य होने पर ही जाएँ, धूप में निकलने से पहले सिर और कान को ढकें, हल्के सूती कपड़े पहनें और अधिक पानी पिएँ।
लू लगने पर प्रारंभिक उपाय के रूप में सिर पर ठंडी पट्टी, जलजीरा, कच्चे आम का पना, शीतल पेय और ओआरएस घोल का सेवन करने की सलाह दी गई है। गंभीर लक्षण होने पर तुरंत निकटतम अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। आंगनबाड़ी, मितानिन और ए.एन.एम. से ओआरएस पैकेट प्राप्त कर प्राथमिक उपचार किया जा सकता है।



