जौनपुर, 21 फरवरी।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र सिंह ने शुक्रवार रात कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा की। बैठक में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त रुख अपनाया गया।
समीक्षा में पाया गया कि कुछ अधिकारियों ने शिकायतों की जांच किए बिना और शिकायतकर्ताओं से संपर्क किए बिना उन्हें ‘स्पेशल क्लोज’ कर दिया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी। उपजिलाधिकारी सदर, उपनिदेशक कृषि, अधिशासी अभियंता विद्युत, तहसीलदार और संबंधित अधिकारियों का चालू माह का वेतन रोकने के निर्देश जारी किए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक शिकायत का तथ्यपरक, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। आवश्यकतानुसार शिकायतकर्ता से संपर्क कर स्थिति का सत्यापन करने के बाद ही रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड की जाए। भविष्य में ऐसी लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) परमानंद झा सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।



