बागपत, 26 फ़रवरी 2026।
खेकड़ा कोतवाली क्षेत्र के सांकरोद गांव में बुधवार देर शाम एक देवर ने अपनी भाभी की ईंटों से पीटकर हत्या कर दी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि दो साल पहले ही महिला की शादी हुई थी और उसकी चार माह की एक बच्ची भी है।
जानकारी के अनुसार सांकरोद गांव निवासी साहिल, जो अपने तीन भाइयों में दूसरे नंबर का है, ने अपने बड़े भाई नवीन की पत्नी चंचल की हत्या कर दी। घटना के समय नवीन अपनी दुकान पर था। बताया गया कि साहिल शराब के नशे में था और किसी बात को लेकर उसकी अपनी भाभी से कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। विवाद के दौरान साहिल ने चंचल के सिर पर ईंट से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी साहिल ने मकान की छत से कूदकर भागने का प्रयास किया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।



