बलरामपुर, 07 मार्च।
जिले के कुसमी थाना क्षेत्र में ज्वैलरी दुकान में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से चांदी के जेवरात और अन्य सामान बरामद कर शनिवार को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कुसमी थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 06/2026 के तहत कन्हैयाजी रोड निवासी विनोद सोनी ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 4 मार्च को होली के कारण दिन में उनकी दुकान बंद थी। 5 मार्च की सुबह जब वे दुकान पहुंचे तो देखा कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने रात में शटर और ताला तोड़कर अंदर घुसकर चांदी व अन्य जेवरात चोरी कर लिए।
जांच के दौरान पता चला कि दुकान से 8 जोड़ी चांदी की पायल, एक ब्रेसलेट, एक चांदी की चैन, एक चांदी का कड़ा, एक जोड़ी पुराना सोने का आभूषण (रास), तीन गिल्ट की हसुली, तीन गिल्ट की चेन और चार कंचन थाली चोरी कर ली गई थीं। शिकायत के आधार पर थाना कुसमी में धारा 305(ए) और 331(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर बकसपुर निवासी गाजेश्वर उर्फ छोटू पैकरा (22) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 कांसे की थाली, 5 कांसे की प्लेट, 1 कांसे का कटोरा, 1 हसुली, 1 चांदी का ब्रेसलेट, 1 चांदी की चैन, 2 जोड़ी चांदी की पायल और 5 जोड़ी गिल्ट के कान के टॉप्स बरामद किए।
बरामद सामान को जब्त करने के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।



