मीरजापुर, 23 फरवरी 2026।
उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले के जिगना थाना क्षेत्र के हरगढ़ बाजार में ज्वैलरी दुकान पर ग्राहक बनकर आए एक युवक ने 40 हजार रुपये कीमत की दो सोने की अंगूठियां लेकर फरार हो गया। इस घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हरगढ़ निवासी प्रिंस कुमार की ज्वैलरी की दुकान पर सुबह दुकान खुलते ही एक युवक पहुंचा और अपना नाम-पता बताकर सोने की अंगूठियां दिखाने को कहा। उसने दो अंगूठियां पसंद करने के बाद बातचीत के दौरान उन्हें अपनी जेब में रख लिया। जब दुकानदार ने पैसे मांगे तो युवक ने कहा कि नकदी बाइक की डिग्गी में रखी है। इसके बाद वह बाहर निकलकर बाइक स्टार्ट कर फरार हो गया।
दुकानदार ने भागकर उसका पीछा किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ सका। इसके बाद पीड़ित दुकानदार थाने पहुंचा और पुलिस को मामले की जानकारी देते हुए तहरीर दी। पुलिस ने चड़ैचा गांव निवासी सौरभ मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी के अनुसार दुकानदार की शिकायत पर नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है। उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले बिहसड़ा बाजार में ऑटो पार्ट्स की दुकान से टायर खरीदकर फर्जी आईडी से भुगतान करने के मामले में भी जालसाजी की घटना सामने आई थी।



