बागपत, 23 फरवरी 2026।
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बड़ागांव में एक युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। युवक जैन मंदिर में वीडियोग्राफी का काम करता था। मौके पर पहुंची खेकड़ा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
खेकड़ा कोतवाली क्षेत्र के बड़ागांव स्थित त्रिलोक तीर्थ प्राचीन दिगम्बर जैन मंदिर के एक हिस्से में सोमवार सुबह युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। युवक की पहचान अंबेडकर नगर के बेनीपुर गांव निवासी आदित्य तिवारी के रूप में हुई है। आदित्य त्रिलोक तीर्थ मंदिर में होने वाले कार्यक्रमों की कवरेज जिनवाणी चैनल के लिए करता था। मंदिर से जुड़े त्रिलोक जैन ने बताया कि उन्हें सुबह घटना की जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि आदित्य अच्छा स्वभाव का युवक था और मंदिर के कार्यक्रमों की वीडियो कवरेज करता था। पुलिस ने परिजनों को भी सूचना दे दी है।
खेकड़ा थाना प्रभारी के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



