प्रयागराज, 16 फरवरी।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के झूंसी थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार भोर एक युवक की लकड़ी के पटरे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि झूंसी थाना क्षेत्र के दौलापुर बजहा गांव निवासी कुलदीप बिन्द (28) पुत्र राम मूरत बिन्द का शव आज सुबह गांव के ही एक व्यक्ति के घर के बाहर मिला। मृतक के शरीर पर गंभीर चोटें दिखाई दे रही थीं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में पता चला कि हत्या की वजह पुरानी रंजिश हो सकती है। परिवार की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। संदिग्धों की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।



