कानपुर, 23 फरवरी 2026।
कानपुर के सचेण्डी थाना क्षेत्र के जंगल में सोमवार को एक युवक का शव पेड़ से रस्सी के सहारे लटका हुआ मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं।
थाना प्रभारी के अनुसार गज्जूपुरवा गांव निवासी जय प्रताप सिंह हरियाणा में प्राइवेट नौकरी करते हैं और उनकी पत्नी पांच बेटों के साथ घर पर रहती हैं। पत्नी के अनुसार उनका दूसरा बेटा विकास रविवार रात घर से देर से लौटने की बात कहकर निकला था। काफी देर तक वापस न आने पर उसे फोन किया गया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। सोमवार को ग्रामीणों ने सूचना दी कि विकास का शव गांव से कुछ दूरी पर जंगल में नीम के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका हुआ है। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और फॉरेंसिक जांच कर साक्ष्य जुटाए। परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताई है। थाना प्रभारी के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।



