बहराइच, 02 मार्च 2026
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के रुपईडीहा थाना क्षेत्र में संपत्ति विवाद के कारण एक बेटे ने अपने ही माता-पिता, बहन और दादी की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने खुद पर ईंट मारकर आत्महत्या का प्रयास भी किया। पुलिस ने घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया और फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रुपईडीहा थाना क्षेत्र के बसंतपुर रूदल (रामगांव) में रहने वाले 60 वर्षीय बदलूराम किसान थे। उनके परिवार में पत्नी संजू उम्र 56 वर्ष, बेटी पार्वती उम्र 42 वर्ष, बेटे गुरुदेव और निरंकार तथा 80 वर्षीय दादी शीतला शामिल थीं। बड़े बेटे गुरुदेव ने बताया कि कुछ साल पहले पिता ने जमीन बेची थी, जिसके पैसे और संपत्ति को लेकर छोटे भाई निरंकार से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते रविवार रात छोटा भाई घर आया और पैसे देने से मना करने पर उसने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
हमले के दौरान आरोपी ने अपनी मां संजू, बहन पार्वती और दादी शीतला पर भी कुल्हाड़ी से कई वार कर दिए। आसपास के लोग जब आरोपी को पकड़ने पहुंचे तो उसने अपने सिर पर ईंट मारकर खुद को घायल कर लिया। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पिता, मां, बहन और दादी को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि घायल आरोपी निरंकार को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर कर दिया गया है। मौके से खून से सनी कुल्हाड़ी और एक ईंट बरामद की गई है। पुलिस ने गुरुदेव की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संपत्ति विवाद को घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।



