बांकुड़ा, 16 मार्च।
पश्चिम बंगाल के बिष्णुपुर और आस-पास के क्षेत्रों में रविवार देर शाम अचानक आए कालबैसाखी तूफान ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। तेज हवाओं और बारिश के कारण घर, पेड़ और बिजली की व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, भड़ा गांव के तापस पाल रविवार शाम अपनी ठेले पर घुघनी बेच रहे थे। अचानक मौसम बिगड़ने पर उन्होंने पास ही शेड के नीचे शरण ली, लेकिन तेज हवाओं के झोंके से शेड गिर गया और मलबे में दबने से तापस की मौके पर ही मौत हो गई।
तूफान ने बिजली व्यवस्था को भी पूरी तरह बाधित कर दिया। कई स्थानों पर पेड़ गिरने से बिजली के तार टूट गए और रात भर अधिकांश लोग अंधेरे में रहने को मजबूर रहे। सोमवार को भी कई इलाकों में बिजली बहाल नहीं हो पाई है। बिजली न होने के कारण घरों में पानी की सप्लाई भी प्रभावित रही।
स्थानीय ग्रामीण बिजली विभाग की धीमी कार्रवाई पर असंतोष जता रहे हैं। विभाग ने बताया कि मरम्मत का काम जारी है, लेकिन कई जगहों पर एक साथ तार टूटने के कारण समय लग रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गिरे हुए तारों और मलबे से दूर रहें और सतर्क रहें।



