नई दिल्ली, 02 मार्च 2026
राजस्थान के बीकानेर जिले में भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण द्वारा मोबाइल सेवाओं की गुणवत्ता की जांच की गई, जिसमें जियो और एयरटेल नेटवर्क का प्रदर्शन सबसे बेहतर पाया गया। केंद्रीय संचार मंत्रालय के अनुसार जनवरी माह में बीकानेर शहर, नोखा और श्रीडूंगरगढ़ कस्बों के साथ-साथ देशनोक से नोरंगदेसर हाईवे और पूगल से रंजीतपुरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोबाइल नेटवर्क की गुणवत्ता का परीक्षण किया गया। इस दौरान कॉल सेटअप सफलता दर, कॉल ड्रॉप, कॉल गुणवत्ता तथा डेटा डाउनलोड और अपलोड स्पीड जैसे मानकों पर विशेष नजर रखी गई।
जांच के लिए आधुनिक तकनीक वाले हैंडसेट और सॉफ्टवेयर सिस्टम का उपयोग किया गया। परीक्षण के दौरान बीकानेर शहर, नोखा और श्रीडूंगरगढ़ में एयरटेल और जियो की कॉल सेटअप सफलता दर करीब शत-प्रतिशत रही, जबकि बीएसएनएल और वोडाफोन आइडिया की सेवाओं में कुछ कमी दर्ज की गई। 5जी डेटा सेवाओं में जियो का प्रदर्शन सबसे अच्छा बताया गया। उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं देने के लिए नेटवर्क की वास्तविक क्षमता का आकलन किया गया।
देशनोक से नोरंगदेसर हाईवे पर भी एयरटेल और जियो की कॉल सफलता दर 100 प्रतिशत रही, जबकि बीएसएनएल और वीआई की सेवाओं में गिरावट दर्ज की गई। इसी तरह पूगल से रंजीतपुरा हाईवे मार्ग पर जियो ने कॉल सेटअप सफलता में शत-प्रतिशत प्रदर्शन किया, जबकि वीआई नेटवर्क सबसे कमजोर पाया गया। अधिकारियों ने बताया कि इन आंकड़ों को उपभोक्ताओं की जानकारी के लिए सार्वजनिक किया जाएगा ताकि कंपनियां अपनी सेवाओं में सुधार कर सकें।
केंद्रीय मंत्रालय के अनुसार इस प्रकार की जांच का उद्देश्य दूरसंचार सेवाओं की गुणवत्ता सुधारना और उपभोक्ताओं को बेहतर विकल्प चुनने में सहायता देना है। ट्राई ने कहा कि आने वाले समय में भी विभिन्न क्षेत्रों में इस तरह की निगरानी जारी रहेगी।



