काठमांडू, 23 फरवरी 2026।
नेपाल के भारतीय सीमा से सटे बीरगंज शहर में सांप्रदायिक दंगे की आशंका के चलते अनिश्चितकाल के लिए कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। शहर में सुबह से ही दो समुदायों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी, जिसके बाद दोपहर से कर्फ्यू लागू करने का फैसला लिया गया। प्रशासन ने किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए यह कदम उठाया है।
पुलिस के अनुसार बीती रात बीरगंज के श्रीपुर इलाके में पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद एक हिंदू युवक पर मुस्लिम बहुल इलाके में तलवार से हमला किया गया, जिसके बाद दोनों समुदायों के बीच झड़प शुरू हो गई। यह झड़प कई घंटों तक जारी रही, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन को सेना को भी तैनात करना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक युवक मोटरसाइकिल पार्क कर रहा था, तभी कुछ युवकों ने उससे गाली-गलौज की। विरोध करने पर उस पर तलवार से हमला कर दिया गया। घायल युवक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना के बाद शहर के कई हिस्सों में हिंदू समुदाय के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया, जिससे तनाव और बढ़ गया और पुलिस के साथ भी झड़पें हुईं।
बीरगंज पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सांप्रदायिक तनाव को देखते हुए शहर में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू किया गया है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे। वहीं तीन दिन तक रौतहट जिले के गौर में चले हिंदू-मुस्लिम विवाद के बाद लगा कर्फ्यू आज ही हटाया गया, जहां प्रशासन की पहल पर सामूहिक सद्भाव रैली भी निकाली गई।



