काठमांडू, 21 फरवरी 2026
नेपाल के मधेश प्रांत के रौतहट जिले में हिंदू और मुस्लिम समुदाय के बीच हुई झड़प के बाद हालात को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने कर्फ्यू जैसे प्रतिबंधात्मक आदेश जारी कर दिए हैं। गौर नगरपालिका के सनगढ़ गांव में हुई इस घटना के बाद तीन दिन से तनाव बना हुआ है और अभी तक स्थिति सामान्य नहीं हो पाई है।
गुरुवार रात एक मामूली विवाद से शुरू हुआ मामला धीरे-धीरे हिंसक हो गया और आगजनी तथा तोड़फोड़ तक पहुंच गया। पुलिस के अनुसार यह विवाद एक शादी समारोह के दौरान बजाए गए संगीत को लेकर शुरू हुआ। पास की मस्जिद में रात की नमाज के समय संगीत बजने से तनाव बढ़ गया, जिसके बाद तीखी बहस और कथित मारपीट की घटना हुई। शुक्रवार सुबह दोनों पक्षों के बीच फिर पत्थरबाजी की खबर मिली, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया।
जिला प्रशासन कार्यालय रौतहट ने बिगड़ते हालात को देखते हुए गौर-6 के कुछ क्षेत्रों में निषेधाज्ञा लागू कर दी है। मुख्य जिला अधिकारी के आदेश के अनुसार कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अगले आदेश तक सभा, जुलूस, रैली, धरना और नारेबाजी जैसी गतिविधियों पर रोक लगाई गई है। पांच से अधिक लोगों के एकत्र होने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है तथा आदेशों का उल्लंघन करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।



