काठमांडू, 26 फरवरी 2026।
मतदान से ठीक पहले नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री एवं नेपाली कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष शेर बहादुर देउवा अपने परिवार के साथ सिंगापुर रवाना हो गए हैं। आगामी प्रतिनिधि सभा चुनाव से पहले उनकी इस यात्रा को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। पांच बार प्रधानमंत्री रह चुके देउवा पिछले कुछ समय से पार्टी नेतृत्व से हटाए जाने के बाद नाराज बताए जा रहे थे और चुनाव प्रचार के लिए आग्रह के बावजूद सार्वजनिक गतिविधियों से दूर रहे। अब मतदान से एक सप्ताह पहले उनकी विदेश यात्रा से यह माना जा रहा है कि वे मतदान प्रक्रिया में भी हिस्सा नहीं लेंगे।
देउवा के सहयोगी भानु देउवा ने बताया कि वे बुधवार रात करीब 11 बजे काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सिंगापुर एयरलाइंस की उड़ान एसक्यू 441 से सिंगापुर रवाना हुए। उनके साथ उनके परिवार के सदस्य और निजी सहयोगी भी गए हैं। बताया गया है कि यह यात्रा स्वास्थ्य उपचार के उद्देश्य से की गई है। उनकी पत्नी और पूर्व विदेश मंत्री डॉ. आरजू राणा देउवा इस समय भारत के मध्य प्रदेश में हैं।
नेपाली कांग्रेस में 15 जनवरी को हुए विशेष महाधिवेशन के बाद गगन थापा के नेतृत्व में नई कार्यसमिति चुनी गई थी। निर्वाचन आयोग द्वारा नई कार्यसमिति को मान्यता मिलने के बाद से देउवा पार्टी और राजनीतिक गतिविधियों से काफी हद तक दूर हो गए थे। इससे पहले भी 8 और 9 सितंबर को जेन-जी आंदोलन के दौरान घायल होने के बाद वे उपचार के लिए सिंगापुर गए थे।
राजनीतिक परिस्थितियों में सुधार के बाद देउवा काठमांडू लौटकर सक्रिय राजनीति में लौटे थे, लेकिन विशेष महाधिवेशन में उन्हें पद से हटाए जाने के बाद वे फिर निष्क्रिय हो गए। पार्टी ने इस बार उन्हें चुनावी टिकट भी नहीं दिया, जबकि उनकी इच्छा अपने पारंपरिक निर्वाचन क्षेत्र सुदूर पश्चिम प्रदेश के डेडलधुरा से अंतिम बार चुनाव लड़ने की थी, जहां वे लगातार आठ बार जीत दर्ज कर चुके हैं। इस बार वहां से पार्टी ने नैन सिंह महर को उम्मीदवार बनाया है।



