इस्लामाबाद 24 फरवरी 2026।
इमरान खान को आंखों के इलाज के लिए अदियाला जेल से राजधानी के पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पिम्स) लाया गया, जहां उनकी प्रभावित आंख की जांच के बाद दूसरा इंजेक्शन दिया गया। उन्हें मंगलवार तड़के कड़ी सुरक्षा के बीच इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया और करीब एक घंटे बाद वापस जेल भेज दिया गया।
दुनिया न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार इमरान खान को पहले भी 24 और 25 जनवरी को इलाज के लिए पिम्स लाया गया था। डॉक्टरों द्वारा उनकी आंखों के इलाज के लिए तीन इंजेक्शन निर्धारित किए गए हैं, जिनमें से दूसरा इंजेक्शन लगाने के लिए उन्हें दोबारा अस्पताल लाया गया। अस्पताल में उनके दिल की स्थिति की भी जांच की गई और दो टेस्ट किए गए, जिनमें कार्डियक फंक्शन सामान्य पाया गया। तीसरा इंजेक्शन 23 मार्च को लगाया जाएगा।
इमरान की सेहत का मामला सरकार और विपक्ष के बीच राजनीतिक विवाद का विषय बना हुआ है। उनके वकील और सुप्रीम कोर्ट के एमिकस क्यूरी बैरिस्टर सलमान सफदर द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट में उनकी आंखों में गंभीर बीमारी का पता चला है, जिसे सेंट्रल रेटिनल वेन ऑक्लूजन बताया गया है। यह बीमारी आमतौर पर अधिक उम्र के लोगों में होती है और उच्च रक्तचाप, उच्च कोलेस्ट्रॉल, मधुमेह और हृदय रोग से जुड़ी मानी जाती है। पिम्स ने जांच और दवाओं के साथ उन्हें डिस्चार्ज कर दिया।



