नई दिल्ली, 26 फ़रवरी 2026।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ यरुशलम में आयोजित एक विशेष प्रौद्योगिकी प्रदर्शनी का दौरा किया। इस प्रदर्शनी में कृषि, जल प्रबंधन, जलवायु, स्वास्थ्य, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, साइबर सुरक्षा, क्वांटम तकनीक और अंतरिक्ष क्षेत्र से जुड़ी अत्याधुनिक नवाचार तकनीकों को प्रदर्शित किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ये आधुनिक तकनीकें भारत-इजराइल नवाचार साझेदारी को नई दिशा देने की क्षमता रखती हैं।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार 25 फरवरी की शाम आयोजित इस प्रदर्शनी में प्रमुख कंपनियों, स्टार्ट-अप और अनुसंधान संस्थानों ने अपनी नवीनतम तकनीकों का प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री मोदी ने वैज्ञानिकों, तकनीकी उद्यमियों और कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों से बातचीत कर उनकी तकनीकों की कार्यप्रणाली को समझा।

प्रदर्शनी में क्वांटम और डीप टेक क्षेत्र से जुड़े क्वांटम कंप्यूटिंग समाधान प्रस्तुत किए गए। स्वास्थ्य और एआई क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित अल्ट्रासाउंड तकनीक दिखाई गई, जो मरीजों के निदान में रियल टाइम सहायता प्रदान कर सकती है। इसके अलावा एआई आधारित जोखिम पहचान और भविष्य के रुझानों के विश्लेषण से जुड़े उपकरण भी प्रदर्शित किए गए।
स्मार्ट मोबिलिटी क्षेत्र में ऐसी सेंसर और चिप तकनीक दिखाई गई, जिनका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को कम करना है। साइबर सुरक्षा क्षेत्र में उन्नत डिजिटल सुरक्षा समाधान और भारत के साथ सहयोग के नवाचार भी प्रदर्शित किए गए। जल और कृषि क्षेत्र में हवा से पीने का पानी बनाने की तकनीक, गुरुत्वाकर्षण आधारित सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली और फसल कटाई के बाद नुकसान कम करने वाले समाधान भी प्रदर्शित किए गए।
जलवायु और जैव प्रौद्योगिकी क्षेत्र में प्रयोगशाला में तैयार दूध प्रोटीन, माइक्रोएल्गी आधारित उत्पादन और जैव आधारित प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन तकनीक दिखाई गई। ऊर्जा और प्राकृतिक संसाधन क्षेत्र में खनिज संसाधनों के आकलन की उच्च सटीकता मॉडलिंग तकनीक तथा अंतरिक्ष क्षेत्र में लघु संचार उपग्रह और सिंथेटिक अपर्चर रडार तकनीक का प्रदर्शन किया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि इन तकनीकों से भारत और इजराइल के बीच नवाचार और व्यापार साझेदारी को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने इजराइली कंपनियों को भारत में निवेश करने और उत्पादन इकाइयां स्थापित करने का भी आमंत्रण दिया।



