नई दिल्ली, 26 फ़रवरी 2026।
महान क्रांतिकारी और राष्ट्रवादी चिंतक विनायक दामोदर सावरकर की पुण्यतिथि पर लोकसभा अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न राज्यों के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी नेताओं ने सावरकर को भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का महान योद्धा बताते हुए उनके योगदान को याद किया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सावरकर को स्वतंत्रता आंदोलन में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाला क्रांतिकारी बताया और उन्हें नमन किया।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि सावरकर उन स्वतंत्रता सेनानियों में थे जिन्होंने अंग्रेजों से राजनीतिक स्वतंत्रता के साथ-साथ सांस्कृतिक स्वाधीनता के लिए भी संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि सावरकर के क्रांतिकारी विचारों ने स्वतंत्रता आंदोलन को वैचारिक शक्ति दी और उनके साहसिक अभियानों ने देश और विदेश में युवाओं को प्रेरित किया।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सावरकर को राष्ट्रप्रेम और प्रतिभा का अद्वितीय संगम बताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सावरकर के साहस, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण को स्वतंत्रता संग्राम का गौरवशाली अध्याय बताया। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सावरकर को त्याग, तप और तर्क की प्रतिमूर्ति बताते हुए उनके संघर्ष को प्रेरणादायक बताया।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि लंदन के इंडिया हाउस से लेकर सेल्युलर जेल की कालकोठरी तक सावरकर का जीवन राष्ट्र चेतना का प्रतीक है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने उन्हें ओजस्वी क्रांतिकारी और तेजस्वी विचारक बताते हुए कहा कि उनका त्याग इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज रहेगा। दिल्ली की मुख्यमंत्री ने भी सावरकर के जीवन को राष्ट्र के प्रति निष्ठा की अमर कहानी बताया।



