भोपाल, 27 फरवरी।
आज शुक्रवार को भारत के महान समाजसेवी भारत रत्न नानाजी देशमुख और भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के वीर क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की पुण्यतिथि है। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दोनों महान विभूतियों को स्मरण करते हुए विनम्र श्रद्धासुमन अर्पित किए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नानाजी देशमुख को श्रद्धांजलि देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा कि "प्रबुद्ध राष्ट्रसेवक और महान समाज सुधारक, भारत रत्न श्रद्धेय नानाजी देशमुख जी की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि। आपने ग्रामीण विकास, शिक्षा और गरीब कल्याण को देश की प्रगति का आधार बनाया। आपके कृतित्व, विचार और दृष्टिकोण राष्ट्र के नवनिर्माण की दिशा में मार्गदर्शन देते रहेंगे।"
एक अन्य संदेश में उन्होंने चंद्रशेखर आजाद को शहादत दिवस पर नमन किया और लिखा कि "मध्यप्रदेश की माटी के लाल, स्वतंत्रता संग्राम के महानायक चंद्रशेखर आजाद जी की पुण्यतिथि पर कोटि-कोटि नमन। मां भारती की स्वतंत्रता के लिए आपके समर्पित जीवन ने प्रत्येक देशभक्त के लिए ऊर्जा, संकल्प और सेवा का अनूठा अध्याय प्रस्तुत किया है। आपके चरणों में बारंबार प्रणाम।"




