भोपाल, 27 फरवरी।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शुक्रवार को अलीराजपुर जिले के प्रवास पर रहेंगे और अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की 95वीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री सबसे पहले चंद्रशेखर आजाद नगर (भाबरा) स्थित आजाद स्मृति मंदिर पहुंचेंगे और शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वे मंडी प्रांगण, चंद्रशेखर आजाद नगर में मौजूद जनता को संबोधित करेंगे।
अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद का जन्म 23 जुलाई 1906 को भाबरा में हुआ था। उन्होंने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में अद्वितीय साहस और त्याग का परिचय दिया। 27 फरवरी 1931 को प्रयागराज (इलाहाबाद) के अल्फ्रेड पार्क में पुलिस से घिर जाने पर उन्होंने वीरतापूर्वक मुकाबला करते हुए अंग्रेजों के हाथों गिरफ्तार न होने का संकल्प पूरा किया और अपना बलिदान दे दिया। उनका जीवन राष्ट्रभक्ति, साहस और आत्मसम्मान का प्रेरणास्रोत है।
जनसंपर्क अधिकारी निशा सोलंकी ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव चंद्रशेखर आजाद नगर (भाबरा) में विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण करेंगे। इसमें 79.92 करोड़ रुपये लागत के 14 कार्यों का लोकार्पण और 119.02 करोड़ रुपये लागत के 35 कार्यों का भूमि-पूजन शामिल है। इन परियोजनाओं से जिले में समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव उदयगढ़ में आयोजित पारंपरिक भगोरिया उत्सव में भी भाग लेंगे। उत्सव स्थल पर वे जनजातीय प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। उदयगढ़ का भगोरिया उत्सव अपनी रंगीनता, उमंग और परंपराओं के लिए प्रसिद्ध है। पारंपरिक वेशभूषा और आभूषणों से सजे युवक-युवतियां, मांदल और ढोल की थाप पर थिरकते समूह नृत्य, लोकगीतों की मधुर स्वर लहरियां तथा रंग-गुलाल से सराबोर वातावरण पूरे क्षेत्र को उत्सवमय बना देता है। यह पर्व सामाजिक मेल-जोल, आपसी परिचय और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है तथा जनजातीय जीवन शैली, परंपरागत कला और लोक विरासत के संरक्षण का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत करता है।



