भोपाल, 12 फरवरी।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की पहल पर अब प्रदेश के सभी कार्यालयों और स्कूलों में राष्ट्रगान से पहले वंदे मातरम् के छह छंद अनिवार्य रूप से गाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देश के अनुसार राष्ट्रगान “जन गण मन” से पहले वंदे मातरम् के छह छंदों का गायन कराया जाएगा। उन्होंने इसे अत्यंत सराहनीय एवं अभूतपूर्व पहल बताया। इसके माध्यम से देशभर में अमर शहीदों के बलिदान को स्मरण किया जाएगा।
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में हमारे वीर सेनानियों ने वंदे मातरम् गाते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। मध्य प्रदेश सरकार केंद्र की इस पहल के साथ खड़ी है और इसे शीघ्र लागू कर रही है।
केंद्र सरकार ने वंदे मातरम् को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। नए नियमों के अनुसार सरकारी कार्यक्रमों, स्कूलों और अन्य महत्वपूर्ण आयोजनों में अब वंदे मातरम् गाना अनिवार्य होगा। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों को खड़े होकर गीत का सम्मान करना होगा, ठीक वैसे ही जैसे राष्ट्रगान के समय किया जाता है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि पूरे छह छंद बजाए जाएंगे, ताकि राष्ट्रगीत का पूर्ण सम्मान सुनिश्चित किया जा सके।



