भुवनेश्वर, 14 मार्च।
ओडिशा सरकार ने सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी रश्मि रंजन स्वाईं को ओडिशा युनिफॉर्मड सर्विसेस स्टाफ सिलेक्शन कमिशन (ओयूएसएसएससी) का पहला अध्यक्ष नियुक्त किया है। स्वाईं इससे पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) के पद पर कार्यरत रह चुकी हैं।
सरकार की यह नियुक्ति राज्य में विभिन्न वर्दीधारी सेवाओं की भर्ती प्रक्रिया को सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए नवगठित आयोग को सक्रिय करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ओयूएसएसएससी को एक समर्पित भर्ती निकाय के रूप में स्थापित किया गया है, जो ओडिशा पुलिस और अन्य वर्दीधारी विभागों के पदों के लिए चयन परीक्षाओं का संचालन करेगा।
आयोग के तहत भर्ती प्रक्रिया गृह, आबकारी, वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन तथा वाणिज्य और परिवहन विभाग सहित राज्य सरकार के विभिन्न विभागों को कवर करेगी। राज्य मंत्रिमंडल ने पहले ही ओडिशा यूनिफॉर्म्ड सर्विसेज स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (अध्यक्ष और सदस्यों की भर्ती की पद्धति तथा सेवा शर्तें) नियम, 2026 को मंजूरी दी थी, जिसमें अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति प्रक्रिया और सेवा शर्तों का विवरण शामिल है।
इसके पूर्व, सामान्य प्रशासन एवं लोक शिकायत विभाग द्वारा अधिसूचित ओयूएसएसएससी नियम, 2025 ने राज्य की वर्दीधारी सेवाओं के लिए भर्ती परीक्षाओं का ढांचा तैयार किया था।



