उदयपुर, 26 फ़रवरी 2026।
अरावली की वादियों के बीच गुरुवार को साउथ फिल्म इंडस्ट्री के लोकप्रिय सितारे विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना पारंपरिक तेलुगु रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह बंधन में बंध गए। दोनों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फेरे लिए। शाम के समय कोडावा परंपरा के अनुसार दूसरी रस्में भी आयोजित की जानी हैं। विवाह के बाद दूल्हा पक्ष के परिजनों ने होटल के बाहर मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी व्यक्त की।
सुबह से ही विवाह स्थल पर उत्सव जैसा माहौल रहा। अरावली की पहाड़ियों से घिरे लक्जरी होटल को गुलाब, आर्किड और ट्यूलिप जैसे विदेशी फूलों से सजाया गया। मंडप को कच्चे केले के तनों और हरे बड़े पत्तों से पारंपरिक दक्षिण भारतीय शैली में सजाया गया, जबकि वेदियों के चारों ओर पीले और लाल फूलों की झालरों ने आध्यात्मिक वातावरण बनाया।
विवाह से पहले रश्मिका के माता-पिता ने दूल्हे के परिवार का पारंपरिक स्वागत किया और नारियल, पान के पत्ते, फल, मिठाइयां तथा हल्दी-कुमकुम भेंट कर शुभकामनाएं दीं। इसके बाद विजय देवरकोंडा की माता माधवी देवरकोंडा ने रश्मिका को परिवार की पारंपरिक चूड़ियां पहनाकर बहू के रूप में स्वीकार किया, जिससे वहां मौजूद परिजन भावुक हो गए।

रश्मिका कर्नाटक के कोडवा समुदाय से हैं जबकि विजय तेलुगु हिंदू परिवार से आते हैं। इसी सांस्कृतिक विविधता का सम्मान करते हुए विवाह दो अलग-अलग परंपराओं में कराया जा रहा है। गुरुवार सुबह तेलुगु रीति से फेरे हुए और शाम को कोडावा परंपरा के अनुसार धार्मिक अनुष्ठान होंगे।
विवाह समारोह में केवल करीबी मित्र और परिवार के सदस्य ही शामिल हुए। प्रमुख मेहमानों में राहुल रविंद्रन, संदीप रेड्डी वांगा, आशिका रंगनाथ, तरुण भास्कर, ईशा रेब्बा और श्रव्या वर्मा शामिल रहे। सभी ने हल्दी और मेहंदी समारोह में भी भाग लिया था। समारोह में नो फोन नीति लागू रही।
हल्दी और मेहंदी रस्में बुधवार को पूरी हुई थीं, जिनकी तस्वीरें दोनों कलाकारों ने सोशल मीडिया पर साझा की थीं। पीले परिधानों में सजे दूल्हा-दुल्हन की तस्वीरें वायरल हुईं। शादी के उपलक्ष्य में शाम को डीजे नाइट का आयोजन भी किया गया है, जिसमें डीजे गणेश रंगनाथन प्रस्तुति देंगे।
उदयपुर पिछले कुछ वर्षों में सेलिब्रिटी वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में उभरा है। इससे पहले भी कई चर्चित हस्तियों ने यहां विवाह समारोह आयोजित किए हैं। अरावली की प्राकृतिक सुंदरता, झीलों का आकर्षण और शाही होटलों की भव्यता इसे खास बनाती है। चार दिनों से उदयपुर में मौजूद यह कपल 23 फरवरी को यहां पहुंचा था और 23 व 24 फरवरी को पूर्व विवाह रस्में हुई थीं।



