सतना, 18 फरवरी।
मध्य प्रदेश के सतना में आज शासकीय आईटीआई कॉलेज, बिरला रोड में युवा संगम रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन एवं जिला रोजगार कार्यालय के सहयोग से यह मेला सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा।
जिला रोजगार कार्यालय के अनुसार रोजगार मेले में विभिन्न निजी कंपनियां भाग ले रही हैं। इनमें बजाज ऑटो लिमिटेड, आइशर मोटर्स लिमिटेड (पीथमपुर), याजाकी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, जेबिल सर्किट प्राइवेट लिमिटेड सहित अन्य प्रतिष्ठित संस्थान शामिल हैं। विभिन्न पदों पर भर्ती की प्रक्रिया मेले के दौरान ही पूरी की जाएगी।
मेले में 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा और स्नातक उत्तीर्ण बेरोजगार युवक-युवतियां अपने मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक युवाओं से मेले में शामिल होने की अपील की है।



