नई दिल्ली, 26 फ़रवरी 2026।
केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार को रेल भवन में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर रेल कनेक्टिविटी से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान ग्वालियर, गुना और चंबल क्षेत्र के साथ-साथ पूर्वोत्तर भारत में रेल सेवाओं को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। दोनों नेताओं के बीच यात्री सुविधाओं के विस्तार और नई परियोजनाओं को गति देने पर विचार-विमर्श हुआ।
बैठक के दौरान चंबल क्षेत्र में प्रमुख ट्रेनों के अतिरिक्त ठहराव, नई ट्रेनों के संचालन और नई रेल लाइनों के निर्माण से जुड़ी योजनाओं पर चर्चा की गई। मंत्रालय की ओर से बताया गया कि लंबित रेल विस्तार परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने पर सहमति बनी है। सिंधिया ने कहा कि बेहतर रेल संपर्क से यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी और क्षेत्रीय व्यापार, पर्यटन तथा औद्योगिक विकास को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
इसके साथ ही पूर्वोत्तर क्षेत्र की रेल सेवाओं को मजबूत करने पर भी बातचीत हुई। सिंधिया ने दुर्गम क्षेत्रों में बेहतर परिवहन नेटवर्क और बुनियादी ढांचे के विस्तार की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर राज्यों की बेहतर कनेक्टिविटी राष्ट्रीय एकता और संतुलित क्षेत्रीय विकास के लिए जरूरी है।
सिंधिया ने कहा कि केंद्र सरकार पूरे देश को आधुनिक बुनियादी ढांचे से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में रेल नेटवर्क का विस्तार अहम भूमिका निभाएगा।



