पलामू, 12 फरवरी।
पलामू संसदीय क्षेत्र के लिए बहुप्रतीक्षित रेल सुविधा को केंद्र सरकार से हरी झंडी मिल गई है। रेल मंत्रालय ने पुरुलिया से आनंद विहार टर्मिनल (दिल्ली) के बीच नई ट्रेन संख्या 14021/14022 के परिचालन को स्वीकृति प्रदान कर दी है।
यह ट्रेन पुरुलिया से चलकर रांची, लोहरदगा, टोरी, बरवाडीह, लातेहार, डाल्टनगंज, गढ़वा रोड, जपला, डेहरी ऑन सोन, डीडीयू, वाराणसी, अयोध्या और लखनऊ होते हुए आनंद विहार टर्मिनल तक पहुंचेगी। इससे पलामू और गढ़वा जिलों के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम के दर्शन के लिए सीधी रेल सुविधा उपलब्ध होगी, वहीं लखनऊ स्थित संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीजीआई) में इलाज के लिए जाने वाले मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने लोकसभा और रेल मंत्रालय के समक्ष लगातार इस मांग को उठाया था। उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर क्षेत्र की जनभावनाओं से अवगत कराया था। सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि शीघ्र ही ट्रेन के शुभारंभ का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
झारखंड रेल यूजर्स एसोसिएशन ने भी इस उपलब्धि को निरंतर प्रयासों का परिणाम बताया है।



