पलामू, 19 फरवरी।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास बुधवार से पलामू दौरे पर हैं। उन्होंने मेदिनीनगर में भाजपा समर्थित महापौर प्रत्याशी अरुणा शंकर के पक्ष में जनसभा की और राज्य सरकार तथा प्रशासन पर निशाना साधा।
पत्रकारों से बातचीत में रघुवर दास ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और कांग्रेस पार्टी एक समुदाय का वोट हासिल करने के लिए पूरी ताकत झोंक रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि झामुमो, कांग्रेस और राजद राज्य को विनाश की ओर ले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि तीन साल से नगर निकाय चुनाव नहीं होने के कारण राज्य को 5100 करोड़ का नुकसान हुआ है, जबकि केंद्र सरकार हर साल शहरी विकास के लिए 1700 करोड़ देती है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार, नियुक्तियों में गड़बड़ी, किसानों और व्यापारियों पर रंगदारी वसूली तथा महिलाओं को योजना का लाभ नहीं मिलने की समस्याओं को भी उजागर किया। उन्होंने कहा कि सरकार समय पर परीक्षा आयोजित नहीं कर रही, छात्रों को एडमिट कार्ड नहीं मिल रहे और प्रश्नपत्र लीक हो रहे हैं।
रघुवर दास ने मेदिनीनगर की पूर्व महापौर अरुणा शंकर के कार्यकाल की सराहना की और कहा कि उनके प्रयासों से कोयल रिवर फ्रंट की सुंदरता बढ़ी। उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा राज्य में तीसरी सरकार बनाने में सफल होगी और अपने समर्थित उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करेगी।
जनसभा में पलामू सांसद विष्णु दयाल राम, डालटनगंज विधायक आलोक चौरसिया, पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह और अन्य नेता उपस्थित थे।
इसके साथ ही मेदिनीनगर नगर निगम चुनाव में महापौर पद के उम्मीदवार जय श्री गुप्ता और मीना गुप्ता ने भाजपा समर्थित अरुणा शंकर को अपना समर्थन दिया। उन्होंने मंच से अपनी घोषणा की, जिसका स्वागत रघुवर दास ने किया।



