28 फ़रवरी, पलामू।
मेयर चुनाव में विजय जुलूस के दौरान पलामू सांसद विष्णु दयाल राम की तबीयत अचानक बिगड़ गई। तेज धूप के कारण उन्हें चक्कर आने लगा और वे जुलूस के दौरान ही खुली जीप में गिर पड़े। घटना दोपहर लगभग एक बजे मेदिनीनगर में हुई, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों और समर्थकों ने तुरंत उन्हें संभाला और निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को सामान्य बताते हुए उन्हें खतरे से बाहर बताया।
बताया गया कि नगर निकाय चुनाव की मतगणना के बाद भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी अरुणा शंकर की जीत पर विजय जुलूस निकाला जा रहा था। जुलूस में सांसद बीडी राम अपनी बेटी, विधायक आलोक चौरसिया और अन्य नेताओं के साथ शामिल थे। जुलूस मेदिनीनगर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए मुख्य बाजार क्षेत्र की ओर जा रहा था, तभी धर्मशाला रोड के पास सांसद की तबीयत अचानक खराब हो गई।
चिकित्सकों ने बताया कि तेज गर्मी और धूप में लंबे समय तक रहने के कारण कमजोरी आ गई थी। इलाज के बाद सांसद अपने आवास लौट गए और उन्होंने अपने समर्थकों को चिंता नहीं करने की अपील की। इस घटना के बाद बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और नेता अस्पताल पहुंचे और उनका हालचाल जाना।
सांसद विष्णु दयाल राम 2014 से लगातार पलामू संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।



