पलामू, 21 फरवरी।
मेदिनीनगर नगर निगम चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने चुनाव में बूथ कैप्चरिंग की आशंका जताते हुए प्रशासन से निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराने की मांग की है।
शनिवार को भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी अरुणा शंकर के चुनावी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में साहू ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में डर और बाहुबल के सहारे चुनाव प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि पार्टी के सांसद, विधायक, पूर्व मंत्री और मेयर प्रत्याशी की ओर से एक सप्ताह पहले ही उपायुक्त सह निर्वाचन पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को लिखित ज्ञापन सौंपकर स्थिति से अवगत कराया गया है।
साहू ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि छह वर्षों में विकास कार्य नहीं होने के कारण जनता का विश्वास कम हुआ है। इसी कारण अब चुनाव प्रभावित करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्वों के सहारे माहौल बिगाड़ने का प्रयास हो रहा है।
उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह संविधान के अनुरूप और पारदर्शी होनी चाहिए। यदि किसी अधिकारी की भूमिका संदिग्ध पाई गई तो मामला विधानसभा और लोकसभा तक उठाया जाएगा।
साहू ने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास करती है और शांतिपूर्ण चुनाव चाहती है। प्रेस वार्ता में प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, जिला अध्यक्ष अमित तिवारी सहित अन्य नेता मौजूद रहे।



