पलामू, 28 फरवरी।
मेदिनीनगर नगर निगम चुनाव में महापौर पद के लिए हुए मुकाबले में भाजपा समर्थित अरूणा शंकर ने एक बार फिर जीत हासिल की। उन्होंने कांग्रेस की उम्मीदवार नम्रता त्रिपाठी को 3,122 मतों के अंतर से पराजित किया।
अंतिम परिणाम के अनुसार, अरूणा शंकर को कुल 24,169 वोट मिले, जबकि नम्रता त्रिपाठी को 21,047 वोट प्राप्त हुए। झामुमो समर्थित पूनम सिंह तीसरे स्थान पर रहीं, जिन्हें 12,809 वोट मिले। पलामू जिला प्रशासन ने देर रात परिणाम घोषित कर अरूणा शंकर को जीत का प्रमाण पत्र सौंपा।
मतगणना के दौरान राउंड दर राउंड परिणाम में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। पहले राउंड में नम्रता आगे थी, लेकिन अरूणा ने दूसरे और चौथे राउंड में जोरदार वापसी करते हुए अंतिम राउंड तक बढ़त बनाए रखी।
पलामू जिले के अन्य नगर निकायों में भी चुनाव परिणाम घोषित हुए। विश्रामपुर में गीता देवी, हुसैनाबाद में अजय भारती, छतरपुर में अरविंद गुप्ता उर्फ़ चुनमुन और हरिहरगंज में शीला चौधरी विजयी हुईं।
मतगणना जीएलए कॉलेज परिसर में पांच नगर निकाय क्षेत्रों में हुई, जिसमें कुल 79 टेबल और 90 से अधिक पर्यवेक्षक तैनात रहे। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिसमें भारी पुलिस बल भी शामिल था।
विजय के बाद अरूणा शंकर ने जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनका समर्थन और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने शहर में स्वच्छता, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने का भरोसा दिलाया।



