पश्चिमी सिंहभूम, 14 फ़रवरी।
पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के टांगर गांव में हाथियों की सक्रियता के बीच चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई। हाथी के डर से दुकान-घर खाली करने वाले दुकानदार को रातों-रात भारी नुकसान झेलना पड़ा। अज्ञात चोरों ने पीछे की दीवार तोड़कर करीब 50 हजार रुपये नकद सहित दुकान का सामान चोरी कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, टांगर गांव निवासी लक्ष्मण गोप का दुकान-सह-आवास गांव के बाहरी हिस्से में स्थित है। शुक्रवार रात इलाके में जंगली हाथी की आवाजाही की सूचना मिलने पर वे परिवार सहित गांव के अंदर सोने चले गए। रात करीब 11 बजे उनके पिता अर्जुन गोप दुकान की स्थिति देखने पहुंचे थे, तब सब कुछ सामान्य था। आशंका है कि चोरी इसके बाद देर रात अंजाम दी गई।
चोरों ने सुनियोजित तरीके से दुकान के पीछे की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया। गल्ला में रखे लगभग 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। इसके अलावा सरसों तेल, बिस्कुट और अन्य दैनिक उपयोग के सामान भी चोरी हुए। हालांकि, सामने रखे मोबाइल फोन और लैपटॉप को चोरों ने नहीं छुआ।
शनिवार सुबह लगभग साढ़े पांच बजे जब परिजन दुकान-घर पहुंचे, तो टूटी हुई दीवार देख हैरान रह गए। बताया गया कि सड़क किनारे लगे साइन बोर्ड की आड़ में दीवार तोड़ी गई थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रंजीत उरांव मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की।
पीड़ित लक्ष्मण गोप ने बताया कि एक दिन पूर्व समीप के चौकड़ी गांव में भी हाथी ने घर को क्षतिग्रस्त किया था। इसलिए उन्होंने जोखिम नहीं लिया और दुकान में न रुककर गांव के भीतर शरण ली। उन्होंने कहा कि हाथी से तो कोई नुकसान नहीं हुआ, लेकिन चोरों ने मौके का फायदा उठाकर सारी नकदी उड़ा ली। चोरी हुए रुपये उन्होंने एक दिन पहले ही बैंक से निकाले थे।



