जोधपुर, 05 मार्च।
शहर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना क्षेत्र में यूआईटी कॉलोनी के शंकर नगर इलाके में दो महीनों से बंद पड़े एक मकान में चोरी की वारदात सामने आई है। घटना का पता तब चला जब सोसायटी के लोग होली के लिए चंदा मांगने पहुंचे। अज्ञात चोर घर से करीब डेढ़ लाख रुपये नकद के साथ सोने-चांदी के लाखों रुपये के आभूषण और बाथरूम से सैनेट्री का सामान भी ले गए। चौहाबो पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार यूआईटी कॉलोनी शंकर नगर पेट्रोल पंप के सामने रहने वाली गरिमा सिंह पुत्री ओमसिंह ने रिपोर्ट दी है। शिकायत में बताया गया कि उसके माता-पिता इलाज के लिए उदयपुर में बड़ी बहन के पास गए हुए हैं और घर पिछले दो महीनों से बंद पड़ा है। एक मार्च को जब सोसायटी के लोग होली का चंदा लेने पहुंचे तो घर के ताले टूटे हुए पाए गए। इस पर सोसायटी के लोगों ने उसके पिता ओमसिंह को इसकी सूचना दी।
इसके बाद एक रिश्तेदार मौके पर पहुंचा और घर की जांच की तो पीछे का ताला भी टूटा हुआ मिला। दो मार्च को गरिमा मुंबई से लौटकर आई तब चोरी का पूरा पता चला। चोर घर से 1.50 लाख रुपये नकद, छह ग्राम सोने की कान की बाली, 12 ग्राम के टोप्स की जोड़ी, 24 ग्राम की चेन, 18 ग्राम की दो लेडिज अंगूठियां, 500 ग्राम का चांदी का नारियल, 250 ग्राम की पायलों की जोड़ी, 120 ग्राम की बिछिया की जोड़ी, 15 चांदी के सिक्के और बाथरूम से सैनेट्री का सामान खोलकर ले गए। चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



