यमुनानगर, 05 मार्च।
यमुनानगर शहर के गांधी नगर थाना क्षेत्र में बंद पड़े एक मकान में चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात चोर मकान का ताला तोड़कर भीतर घुस गए और अलमारी में रखी नकदी व सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में महेंद्र नागपाल ने बताया कि वह पंचकूला में गेस्ट टीचर के रूप में कार्य कर रहे हैं और फिलहाल अपनी माता के साथ वहीं किराये के मकान में रहते हैं।
उन्होंने बताया कि यमुनानगर में उनका निजी मकान है, जो अधिकतर समय बंद रहता है और वह समय-समय पर यहां आकर उसकी देखभाल कर लेते हैं। शिकायत के अनुसार वह करीब 10 जनवरी को आखिरी बार अपने घर आए थे। इसके बाद तीन मार्च को होली के अवसर पर जब वह यमुनानगर स्थित मकान पहुंचे तो घर के अंदर बने कमरे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के भीतर सामान बिखरा देखकर उन्हें चोरी का संदेह हुआ। जब उन्होंने अलमारी की जांच की तो उसमें रखी करीब चार हजार रुपये की नकदी और कई आभूषण गायब मिले। शिकायतकर्ता के अनुसार चोरी हुए सामान में सोने की बालियां, झुमके, टॉप्स और चांदी के कड़े व पाजेब शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही गांधी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीन ऑफ क्राइम टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने घर के लंबे समय से बंद होने का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपितों की पहचान की जा सके। जांच अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध सुरागों के आधार पर आरोपितों की तलाश की जा रही है।


