काठमांडू 24 फरवरी 2026।
नेपाल में 5 मार्च को होने वाले संसदीय चुनावों के मद्देनजर नेपाल निर्वाचन आयोग ने उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की, जिसमें सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुखों ने देश की कानून-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी दी और निष्कर्ष निकाला कि चुनाव को लेकर फिलहाल किसी तरह का सुरक्षा खतरा नहीं है।
निर्वाचन आयोग के प्रवक्ता नारायण प्रसाद भट्टराई ने बताया कि बैठक में चुनाव के दौरान संभावित सुरक्षा चुनौतियों और उनसे निपटने की रणनीतियों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि देशभर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत है और राजनीतिक दलों को शांतिपूर्ण गतिविधियां चलाने तथा मतदाताओं को बिना डर मतदान करने के लिए अनुकूल माहौल दिया गया है।
प्रवक्ता ने यह भी बताया कि कुछ स्थानों पर मामूली घटनाएं हुई थीं, लेकिन स्थानीय प्रशासन की सक्रियता से किसी भी अप्रिय स्थिति को टाल दिया गया। आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए सरकार से तीन दिन का सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की सिफारिश की है, ताकि लोग अपने क्षेत्रों में जाकर मतदान कर सकें और चुनाव में भागीदारी बढ़ सके।



