नई दिल्ली, 25 फरवरी।
टी-20 विश्व कप में ऐतिहासिक पदार्पण के कुछ ही दिनों बाद इटली क्रिकेट में बड़ा विवाद सामने आया है। महिला टीम की एक खिलाड़ी द्वारा महिला क्रिकेट समन्वयक प्रभात एकनेलिगोड़ा पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए जाने के बाद इटली क्रिकेट बोर्ड फेडेराज़ियोने क्रिकेट इटालियाना (एफसीआरआई) ने उन्हें निलंबित कर दिया है।
एफसीआरआई ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि आरोपों की जांच संघीय अभियोजक कार्यालय द्वारा की जा रही है। वर्ष 2025 में महासंघ की अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारी को सभी संघीय जिम्मेदारियों और गतिविधियों से तत्काल प्रभाव से एहतियातन निलंबित करने का आदेश दिया था।
बयान में कहा गया कि यह निर्णय परिस्थितियों की विस्तृत समीक्षा होने तक एहतियाती कदम के रूप में लिया गया है, ताकि अटकलों को रोका जा सके और खेल के माहौल की गरिमा बनी रहे। जांच प्रक्रिया में व्यक्तिगत सम्मान, विधिक प्रक्रिया और निर्दोषता की धारणा का ध्यान रखा जाएगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रभात एकनेलिगोड़ा के वकील ने आरोपों को नकारते हुए कहा है कि इन आरोपों के पीछे अन्य उद्देश्य हो सकते हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि जांच प्रक्रिया जारी है।



