सुपौल, 23 फरवरी 2026।
सुपौल जिले के छातापुर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां प्रेम विवाह के लगभग छह महीने बाद 18 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पति को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
घटना लक्ष्मीपुर खूंटी वार्ड नंबर-2 की है। जानकारी के अनुसार लगभग छह महीने पहले दुर्गा पूजा के दौरान रामचंद्र मंडल की 18 वर्षीय पुत्री प्रीति कुमारी का गांव के ही स्वर्गीय दिनेश मंडल के पुत्र नीतीश मंडल से प्रेम संबंध हो गया था। प्रेम प्रसंग के बाद दोनों ने घर से भागकर शादी कर ली थी। शादी के बाद प्रीति अपने पति के घर में रहने लगी थी और शुरुआती समय में सब कुछ सामान्य था, लेकिन बाद में रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा।
मृतका के पिता रामचंद्र मंडल ने आरोप लगाया कि शादी के दो-तीन महीने बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज में बुलेट बाइक और नकद रुपये की मांग की जाने लगी थी। मांग पूरी नहीं होने पर प्रीति के साथ मारपीट की जाती थी। परिजनों का कहना है कि घटना से एक दिन पहले भी पति-पत्नी के बीच मारपीट हुई थी, जिसमें ससुराल के अन्य सदस्य भी शामिल थे। इसके बाद संदिग्ध परिस्थितियों में प्रीति की मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया। आरोपी पति नीतीश मंडल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।



