सीवान, 21 फरवरी 2026
जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मैरवा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर के मिसकरही समेत अन्य संदिग्ध स्थानों पर करीब आठ घंटे तक सघन छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने 143 पुड़िया स्मैक, करीब 4 किलो 250 ग्राम गांजा, तीन मोबाइल फोन और 6500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार छापेमारी के दौरान बरामद स्मैक की मात्रा करीब 11.40 ग्राम बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों में मैरवा थाना क्षेत्र के मिसकरही निवासी राजू अली, नबीबुल्लाह मियां तथा सारण जिले के कोपा थाना क्षेत्र के भरौली निवासी मिथुन राजभर शामिल हैं। पुलिस को लंबे समय से इस क्षेत्र में नशे के कारोबार की शिकायत मिल रही थी, जिसके बाद कार्रवाई की गई।
एसडीपीओ गौरी कुमारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एक साथ कई जगहों पर दबिश दी और यह सफलता हासिल की। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध कारोबार को किसी भी हाल में पनपने नहीं दिया जाएगा।


