गिरिडीह, 26 फ़रवरी।
जिले के बिरनी थाना क्षेत्र में अज्ञात अपराधियों ने एक मजदूर को गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गया। घायल को पहले बिरनी पीएचसी में इलाज दिया गया और फिर सदर अस्पताल गिरिडीह रेफर किया गया।
गिरिडीह सदर अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद उसे गंभीर अवस्था में धनबाद रेफर किया गया।
डॉक्टरों के अनुसार गोली उसके कमर में लगी है और फंसी हुई है। घटना बुधवार रात की है।
घायल मजदूर का नाम नंद किशोर माली बताया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस अपराधियों की धर-पकड़ के लिए छापेमारी में जुट गई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मजदूर को किसने और क्यों गोली मारी, इसकी जांच की जा रही है।
घायल मजदूर बिरनी थाना क्षेत्र के पुरनानगर का निवासी है। उसने बताया कि काम से लौटते समय बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने पीछे से गोली मारी। घटना बिरनी थाना क्षेत्र के बरमसिया पेट्रोल पंप के पास करमाटांड की है।
परिवार में भी घटना के बाद दहशत का माहौल है।
इस संबंध में एसडीपीओ धनंजय राम ने बताया कि एक व्यक्ति को गोली मारने का मामला दर्ज किया गया है। घटना की विस्तृत जानकारी ली गई और आगे की कार्रवाई जारी है।



