अनूपपुर, 07 मार्च 2026।
मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के राजेंद्रग्राम थाना क्षेत्र के डोडिया गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर जानलेवा हमला कर उसे मारने की कोशिश की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित पति को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद शनिवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला खेलन बाई नेताम तीन दिन पहले अपने मायके मौहारी गांव से राजेंद्रग्राम क्षेत्र के डोडिया गांव में अपने मामा राजू सिंह के घर मेहमान बनकर आई थी। अगले दिन रात में उसका पति सोहन सिंह, निवासी ग्राम मुंडा जिला उमरिया, वहां पहुंचा और बहाने से पत्नी को घर से बाहर ले गया। सुनसान रास्ते में दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद सोहन सिंह ने पत्थर से खेलन बाई के सिर पर कई बार हमला कर दिया।
राजेंद्रग्राम थाना प्रभारी पीसी कोल ने शनिवार को बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपित सोहन सिंह ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। उसने पुलिस को बताया कि वह काम के सिलसिले में बेंगलुरु गया हुआ था। उस दौरान उसकी पत्नी अपने दो साल के बेटे के साथ किसी अन्य व्यक्ति के साथ रह रही थी।
उसने यह भी बताया कि बेंगलुरु से लौटने के बाद जब वह पत्नी को लेने उसके मायके पहुंचा तो उसने उसके साथ जाने से इनकार कर दिया। इसी बात से नाराज होकर वह डोडिया गांव पहुंचा और विवाद के दौरान पत्नी पर पत्थर से हमला कर दिया।
ग्रामीणों ने पकड़ा आरोपित
पत्थर से किए गए हमले में महिला के सिर पर गंभीर चोट आई है और फिलहाल वह बोलने की स्थिति में नहीं है। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आरोपित सोहन सिंह को पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। घायल महिला को पहले राजेंद्रग्राम अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए अनूपपुर से जबलपुर रेफर किया गया है।
हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
फरियादी राजू सिंह की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित सोहन सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है ताकि घटना से जुड़ी सभी कड़ियों को स्पष्ट किया जा सके।



